नगर पंचायत थलीसैंण में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत विशेष जागरुकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य नगर क्षेत्र के रेहड़ी-पटरी एवं छोटे स्वरोजगार से जुड़े पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी देना तथा उन्हें आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना था।
इस अवसर पर लाभार्थियों को योजना के तहत मिलने वाली ऋण सुविधा, डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहन, समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज अनुदान तथा अन्य प्रोत्साहनकारी लाभों की विस्तृत जानकारी दी गयी। साथ ही पात्र लाभार्थियों से आवेदन प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया। नगर पंचायत ने सभी पात्र स्ट्रीट वेंडरों से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने स्वरोजगार को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की अपील की।
शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष बीरा देवी, ईओ दीपक प्रताप, सभासद जगदीश रतूड़ी, एलडीएम किशन सिंह रावत सहित भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक तथा जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।




