वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों के क्रम में आज दिनांक 22.09.2026 को साइबर सेल श्रीनगर एवं महिला थाना श्रीनगर की टीम द्वारा राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, श्रीनगर में साइबर जागरूकता, महिला सुरक्षा एवं नवीन आपराधिक कानूनों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए वर्तमान समय में प्रचलित साइबर अपराधों के नए तरीकों जैसे बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, फेक प्रोफाइल, साइबर ब्लैकमेलिंग, ओटीपी एवं यूपीआई धोखाधड़ी आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ऐसे अपराधों से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया गया तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के साथ साथ महिला सुरक्षा-1090, डायल-112 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन न0- 1098 के बारे में जानकारी दी गई।




