कांवड़ मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी, सतर्कता एवं सेवा-भाव के साथ निरंतर ड्यूटी पर तैनात है। इसी क्रम में आज दिनांक 01.08.2026 को नीलकंठ मेला क्षेत्र में दो मासूम बच्चे भीड़ के बीच अपने परिजनों से बिछड़ गए। 06 वर्षीय बालिका परी मंदिर परिसर में अपने माता-पिता से बिछड़कर भीड़ में अकेली एवं परेशान अवस्था में मिली, जबकि 05 वर्षीय विनय, निवासी जनपद कासगंज (उत्तर प्रदेश) नीलकंठ यात्रा मार्ग पर अपने परिजनों से बिछड़ गया।
दोनों बच्चों को पुलिस टीम द्वारा सुरक्षित संरक्षण में लेकर खोया-पाया केंद्र में रखा गया तथा उनके परिजनों की तलाश शुरू की गई। पुलिस कर्मियों द्वारा मेला क्षेत्र में लगातार अनाउंसमेंट कराया गया तथा उपलब्ध जानकारी के आधार पर बच्चों के परिजनों का पता लगाने हेतु प्रभावी प्रयास किए गए। पुलिस टीम की तत्परता, संवेदनशीलता एवं अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप शीघ्र ही दोनों बच्चों के परिजनों का पता लगा लिया गया। सूचना मिलने पर बालिका परी की माता एवं विनय की माता खोया-पाया केंद्र पहुंचीं, जिसके उपरांत दोनों बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।




