कैबिनेट मंत्री ने खेल मैदान का शिलान्यास और 2.875 किमी मोटर मार्ग का किया लोकार्पण

 

 

कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने तीन दिवसीय भ्रमण के अंतिम दिन चौथान क्षेत्र में धार्मिक, खेल और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर विकास कार्यों को नई गति प्रदान की। इस दौरान उन्होंने विनसर महादेव मंदिर क्षेत्र के विकास, खेल मैदान निर्माण तथा सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

 

कैबिनेट मंत्री ने बूंगीधार में आयोजित बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी, उप जिलाधिकारी थलीसैंण तथा दूधातोली विनसर चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ विनसर महादेव मंदिर की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में भूमि हस्तांतरण से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने और जनभावनाओं के अनुरूप कार्यवाही आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि विनसर महादेव मंदिर क्षेत्र धार्मिक आस्था, संस्कृति और पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र है तथा इसके संरक्षण एवं विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

इसके बाद उन्होंने देवराणी देवी (बूंगीधार) में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि खेल मैदान बनने से क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वहीं उन्होंने थलीसैंण क्षेत्र के अंतर्गत 230.93 लाख रुपये की लागत से निर्मित 2.875 किलोमीटर लंबे मैखुली-देवराड़ी-गणतखाल मोटर मार्ग के सुधार एवं डामरीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।

 

इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनी। उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने को कहा।

 

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी टीकाराम, जिला युवा कल्याण अधिकारी रोहित सिंह फोनिया, जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख मनवर सिंह सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *