जन -जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत सांगुड़ा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की 10 शिकायतें दर्ज की गयीं, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
शिविर की अध्यक्षता कर रहे डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने स्थानीय लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि दूरस्थ क्षेत्रों में रह रहे ग्रामीणों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचे। आयोजित शिविर में 168 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, बाल विकास सहित 23 विभागों के अधिकारियों द्वारा स्टॉल लगाये गये। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, पात्रता की शर्तें समझायीं तथा मौके पर ही आवेदन व पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी करायी।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी शिविर एवं आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेन्द्र पांडेय, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी सहित अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।




