यमकेश्वर और जयहरीखाल में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने किया सहभागिता

 

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘एक कदम स्वच्छता की ओर’ अभियान एवं पोषण माह के अंतर्गत जनपद के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता एवं पोषण संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। इसी क्रम में यमकेश्वर विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र माला आवई, जियाकाटल तथा विकासखंड जयहरीखाल के आंगनबाड़ी केंद्र सारी मल्ली में स्वच्छता दिवस आयोजित किया गया।

 

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गयी। जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने अभियान में सहभागिता करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। लोगों को घर, आंगन एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

 

उन्होंने कहा कि पोषण माह के तहत आयोजित गतिविधियों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने, बच्चों के उचित पोषण एवं स्वच्छता के बीच संबंध के बारे में भी जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए पोषण एवं स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग किया। इस अवसर पर स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवार तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *