कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पौड़ी आशीष चौहान ने तहसील यमकेश्वर के अंतर्गत स्थित गीता आश्रम में अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कांवड़ यात्रा के दौरान नीलकंठ क्षेत्र के पैदल मार्गों और मोटर मार्गों पर लगे सभी स्टैंड पोस्ट और प्याऊ को समय रहते दुरुस्त किया जाए। जबकि जल निगम के अधिकारियों को पम्पिंग मोटरों को चालू अवस्था मे रखने और बरसात के मटमैले पानी को फिल्टर करने के लिए तमाम व्यवस्थाएं चाकचौबंद रखने के निर्देश दिये। वही वन विभाग के किसी भी उच्चाधिकारी द्वारा बैठक में प्रतिभाग नहीं करने पर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी जतायी गयी। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान क्षेत्र में वनक्षेत्र से होकर गुजरने वाले पैदल मार्गो पर आवश्यक फारेस्ट गार्ड्स की तैनाती के निर्देश दिये हैं। उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय के अधिकारियों और नगर पंचायत जौंक के अधिकारियों को निर्देश दिये कि नीलकंठ क्षेत्र सहित निकाय के समस्त क्षेत्र में सफाई व्यवस्था व्यवस्था के पुख़्ता इंतजाम करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को सीसीटीवी लगाए जाने वाले स्थलों का चिन्हीकरण कर सूची उपलब्ध करवाने, कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रखने और नीलकंठ सहित यमकेश्वर क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग का व्यवस्थित प्लान तैयार करने के निर्देश दिये हैं।
कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर की महत्वपूर्ण बैठक, सफाई और सुविधाओं के लिए विभागों को दिए सख़्त निर्देश




