चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रीनगर गढ़वाल में खाद्य कारोबार से जुड़े व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक आयोजित की गयी।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर संचालित हो रहे होटल, रेस्टोरेंट, रिटेल एवं वितरण से जुड़े खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप निर्माण, भंडारण एवं विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता, गुणवत्ता एवं उपभोक्ता हितों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी खाद्य विक्रेता अपने प्रतिष्ठानों में एफएसएसएआई का टोल-फ्री नंबर तथा अपना खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। इसके साथ ही यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व अपने प्रतिष्ठानों में विशेष रूप से स्टोर एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल, कूलिंग एवं फ्रीजिंग जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण उनकी निर्धारित उपयोग अवधि के भीतर किया जा सके।
सहायक आयुक्त ने बताया कि आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, उत्तराखंड के निर्देशानुसार चारधाम यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई है, जो यात्रा मार्गों पर नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण के साथ सैंपलिंग की कार्रवाई करेगी। साथ ही मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच भी की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर विभाग द्वारा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सुधार नोटिस जारी किए जाएंगे, जिनका अनुपालन संबंधित खाद्य व्यवसायियों को निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन ही प्रस्तुत करना होगा। मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी व्यापारियों ने चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी मानकों का पालन करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीनगर संदीप मिश्रा सहित होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य कारोबार से जुड़े बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।




