पोषण, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं से जोड़े लाभार्थी, आंगनबाड़ी केंद्रों में हुए कार्यक्रम

 

 

 

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को पोषण किट व आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

 

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि विकासखंड पौड़ी के आंगनबाड़ी केंद्र बौंसरी में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय खाद्य सामग्री से तैयार रंगोली और पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान एक लाभार्थी को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। दो बच्चों का प्रवेशोत्सव मनाया गया तथा एक बच्चे को जूते व ट्रैक सूट प्रदान किया गया। वहीं एक बालिका का जन्मोत्सव भी मनाया गया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र सतपुली मल्ली में आयोजित कार्यक्रम में तीन गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई। दो किशोरियों को टी-शर्ट भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में महिलाओं और लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

इसके अलावा विकासखंड द्वारीखाल के आंगनबाड़ी केंद्र खंडूड़ी और बौंठा में भी आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंगनबाड़ी केंद्र खंडूड़ी प्रथम में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में भारत सरकार एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। लाभार्थियों को योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ और पात्रता के संबंध में भी बताया गया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र बौंठा में आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिला किरण देवी की गोद भराई की रस्म कर उन्हें पोषण किट वितरित की गई। बाल विकास परियोजना द्वारीखाल की सुपरवाइजर गीता सैलानी ने महिलाओं एवं लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। एएनएम निशा ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रमों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं समुचित विकास पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया गया।

 

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारीखाल प्रीति अरोड़ा, मिशन आरम्भ अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि अभिषेक, ग्राम प्रधान कविता देवी, समूह अध्यक्ष बबीता देवी, आशा कार्यकर्ता सीमा देवी, रोजगार समूह की अध्यक्ष आशा देवी, एएनएम निशा, आशा कार्यकर्ता कविता देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री गीता चौधरी सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं तथा ग्रामीण महिलाएं और लाभार्थी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *