विधानसभा श्रीनगर के अंतर्गत थलीसैंण क्षेत्र में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत थलीसैंण, बगवाड़ी, मासौं, उफरैंखाल और बूंगीधार सहित विभिन्न स्थानों पर भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित तिरंगा यात्राओं में प्रतिभाग कर लोगों का उत्साहवर्धन किया। तिरंगा यात्राओं में स्कूली बच्चों, युवाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति जनभावना को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और जिम्मेदारी को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। तिरंगा यात्राओं का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों से जोड़ना है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान हमारी राष्ट्रीय चेतना और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने पीठसैंण में स्वच्छता अभियान में भी प्रतिभाग कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने पेशावर कांड के महानायक एवं वीर शिरोमणि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी, उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी टीकाराम सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




