10 मार्च तक शत-प्रतिशत व्यय करना सुनिश्चित करें: मुख्य विकास अधिकारी

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में जिला योजना वर्ष 2025-26 की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग 10 मार्च तक आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला योजना शासन की प्राथमिकता में है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन विभागों का व्यय प्रतिशत कम है वे तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित तिथि तक पूरा खर्च सुनिश्चित करें।

 

बैठक में वन, समाज कल्याण एवं कृषि विभाग की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं में तेजी लाते हुए प्रगति में सुधार लाएं और नियमित रूप से अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग प्रगति लाना लाएं और जिनकी प्रगति अपेक्षाकृत कम है वे विशेष प्रयास कर लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को नियमित निगरानी एवं समीक्षा करने के निर्देश भी दिए ताकि किसी प्रकार की देरी न हो। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को पूर्ण दर्शाया गया है, उनकी माप पुस्तिका (एमबी) एवं कार्यस्थल के स्पष्ट फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

 

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रवीण सेनी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, एसडीओ वन लक्की शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *