दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट अनिवार्य, “दो सवार, दो हेलमेट” अभियान के तहत आमजन को किया जा रहा जागरूक

 

 

सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने तथा दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा “दो सवार, दो हेलमेट” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा दोपहिया वाहन चालकों एवं आमजन को जागरूक करते हुए बताया जा रहा है कि सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए केवल वाहन चालक का हेलमेट पहनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना उतना ही आवश्यक है। अक्सर लोग दोपहिया वाहन पर पीछे बैठते समय हेलमेट पहनने को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि दुर्घटना की स्थिति में पीछे बैठा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो सकता है। हेलमेट सिर को गंभीर चोटों से बचाने तथा दुर्घटना की स्थिति में जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जागरूकता के बावजूद यदि कोई व्यक्ति यातायात नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

 

पौड़ी पुलिस की आमजन से अपील है कि दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय चालक एवं पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा यातायात के अन्य सभी नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करें। यात्रा चाहे छोटी हो या लंबी, दोपहिया वाहन पर सवार दोनों व्यक्ति हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *