जनपद पौड़ी गढ़वाल में लघु उद्यम, हथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय चयन प्रक्रिया के तहत विभिन्न श्रेणियों में प्राप्त आवेदनों और उत्पादों का मूल्यांकन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने आवेदकों के उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार, उपयोगिता एवं विशिष्टता के आधार पर मूल्यांकन करते हुए पुरस्कार के लिए प्रतिभागियों का चयन किया।
हथकरघा श्रेणी में प्राप्त दो आवेदनों में अनीता देवी को (शॉल एवं स्टॉल उत्पाद) प्रथम तथा सूमा देवी को (शॉल एवं स्टॉल उत्पाद) द्वितीय स्थान के लिए चयनित किया गया। वहीं, हस्तशिल्प श्रेणी में प्राप्त तीन आवेदनों में से पवन (बांस एवं रिंगाल से निर्मित उत्पाद) को प्रथम तथा भारती नेगी (वॉल हैंगिंग और मिरर फ्रेम) को द्वितीय स्थान प्रदान किया गया।
इसी प्रकार, लघु उद्यम श्रेणी में प्राप्त चार आवेदनों में सिगड्डी, कोटद्वार स्थित जीवन ऑर्गेनिक्स को (केश सुंदरा हेयर ऑयल, महाबल बाम आदि) प्रथम तथा मैसर्स रियल लैब बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, सिगड्डी को (फार्मा उत्पादों के निर्माण के लिए) द्वितीय स्थान हेतु चयनित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने चयनित उद्यमियों एवं कारीगरों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार और विशिष्टता को बढ़ावा देने से स्वरोजगार के अवसर मजबूत होते हैं। उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों को भविष्य में अपने कार्यों को और बेहतर बनाने तथा अपने उत्पादों के माध्यम से जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक, डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सोमनाथ गर्ग, प्रबंधक आरपी आर्य, उपासना सिंह एवं सहायक प्रबंधक अंकित सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




