स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में क्रॉस कंट्री दौड़ में 123 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के तत्वावधान में कंडोलिया से टेका मार्ग पर क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और ओपन वर्ग में कुल 123 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

 

क्रॉस कंट्री दौड़ में अंडर-14 वर्ग के लिए 2 किमी, अंडर-17 के लिए 3 किमी और ओपन वर्ग के लिए 5 किमी की दौड़ आयोजित की गई। विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ लगाते हुए अपनी खेल प्रतिभा एवं शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस तरह के आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। युवाओं को मेहनत और लगन के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए।

 

प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में अर्णव सिंह नेगी ने प्रथम, प्रियांशु गुसाईं ने द्वितीय और दक्ष बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में विधि रावत प्रथम, सुहाना रावत द्वितीय और अनोखी बिष्ट तृतीय रहीं।

 

अंडर-17 बालक वर्ग में अर्जुन सिंह ने प्रथम, अर्जुन चौहान ने द्वितीय तथा अमन बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में सिमरन बिष्ट प्रथम, खुशबू द्वितीय और महक तृतीय स्थान पर रहीं।

 

वहीं ओपन बालक वर्ग में आयुष ने प्रथम, आदित्य नेगी ने द्वितीय तथा निशांत नेगी ने तृतीय स्थान हासिल किया। ओपन बालिका वर्ग में अनुष्का बिष्ट प्रथम, काजल कुकरेती द्वितीय और आकृति बिष्ट तृतीय स्थान पर रहीं।

 

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

 

इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *