जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार के निर्देशानुसार महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू), जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण (एसएए) एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 द्वारा मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज, निसनी में एक दिवसीय जन जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य कपिल रतूड़ी ने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थिति में बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कुमार चंद्र ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों, कर्तव्यों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी होना भी आवश्यक है, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा बाल अधिकारों, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही दत्तक ग्रहण की वैधानिक प्रक्रिया एवं उससे जुड़े प्रावधानों के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक अभिषेक नेगी, परामर्शदाता सुश्री कविता तथा केसवर्कर शकुंतला नयाल ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सुरक्षित रहने एवं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




