एसएसपी पौड़ी द्वारा शातिर अभियुक्त पर किया था ₹5,000 का ईनाम घोषित, अभियुक्त के विरूद्ध दिल्ली में धोखाधड़ी के मामले भी हैं दर्ज

 

दिनांक 13.05.2025 को वादी विष्णु शाहू निवासी स्वर्गाश्रम, रामझूला द्वारा कोतवाली लक्ष्मणझूला में एक शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। प्रार्थना पत्र में उनके द्वारा अंकित किया गया कि एक व्यक्ति द्वारा उनकी स्कूटी संख्या UK-14 TB-0267 को किराये (रेंट) पर लिया गया था, किन्तु निर्धारित समयावधि के पश्चात उक्त स्कूटी वापस नहीं की गई। इस सम्न्बन्ध में कोतवाली लक्ष्मणझूला पर तत्काल मु0अ0सं0-25/2025, धारा- 316(2) BNS बनाम अज्ञात किया गया।

 

श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा आमजन के साथ की गई इस प्रकार की धोखाधड़ी की घटना को गम्भीरता से लेते हुये अभियोग का सफल निस्तारण करने व पुलिस टीम गठित कर अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तार करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।

 

जिसके क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी श्रीनगर श्री अनुज कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला श्री सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त के संबंध में जानकारी एकत्रित करते हुए जांच की गई, जिसमें यह तथ्य प्रकाश में आया कि अभियुक्त दिल्ली का निवासी है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन कर आरोपों की पुष्टि होने के पश्चात गठित पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु कुशल पतारसी-सुरागसी एवं बेहतर सर्विलांस के माध्यम से लगातार प्रयास किए गए। किन्तु अभियुक्त के शातिर प्रवृत्ति का होने तथा पुलिस कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से लगातार अपने ठिकाने बदलने के साथ ही अपनी उपस्थिति छिपाते हुए लगातार फरार चल रहा था।

जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय पौड़ी द्वारा अभियुक्त अभिनव सिंह की गिरफ्तारी पर ₹5,000/- का इनाम घोषित किया गया तथा गठित पुलिस टीम को अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा पुनः लगातार अथक प्रयास करते हुए एवं कुशल सुरागसी-पतारसी के आधार पर अंततः प्रकरण में संलिप्त अभियुक्त अभिनव को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। शातिर अभियुक्त के विरूद्ध दिल्ली में धोखाधडी के मुकदमें भी दर्ज है। गिरफ्तारशुदा अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

 

पूछताछ का विवरण

अभियुक्त से पूछताछ करने पर अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह नशे का आदी है तथा घुमक्कड़ प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जो लगातार विभिन्न स्थानों पर घूमता रहता है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा स्कूटी के संबंध में बताया गया कि वह उक्त स्कूटी को लेकर पंजाब चला गया था, जहां उसकी मुलाकात हितेश नरूला नाम के एक व्यक्ति से हुई। अभियुक्त द्वारा उक्त स्कूटी को उस व्यक्ति को बेच दिया। हालांकि, अभियुक्त उस व्यक्ति के संबंध में कोई ठोस अथवा स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं करा सका। पुलिस टीम द्वारा उक्त प्रकरण के संबंध में आवश्यक जानकारी एकत्रित करते हुए संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है तथा स्कूटी की बरामदगी हेतु अग्रिम आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है।

 

आपराधिक इतिहास

1. मुकदमा अपराध संख्या- 8/2026, धारा-318(4), 316(2) BNS थाना- पार्लियामेंट नई दिल्ली।

2. मुकदमा अपराध संख्या- 174/2024, धारा- 419/420 ,34 IPC थाना- पार्लियामेंट नई दिल्ली।

 

नाम पता अभियुक्त

अभिनव पुत्र तेजपाल सिंह, निवासी- छतरपुर साउथ दिल्ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *