कण्डोलिया इण्डोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट के सुदृढ़ीकरण हेतु ₹34.94 लाख स्वीकृत, कार्य प्रारंभ

 

कण्डोलिया स्थित इण्डोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट में फ़्लोरिंग एवं कोर्ट मैट लगाए जाने के कार्य हेतु ₹34.94 लाख की धनराशि स्वीकृत कर दी गयी है। स्वीकृति के उपरांत लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

 

जिला खेल अधिकारी जयबीर रावत ने बताया कि कण्डोलिया स्थित इण्डोर स्टेडियम में उपलब्ध बैडमिंटन कोर्ट की फ़्लोरिंग एवं खेल सतह लंबे समय से उपयोग में रहने के कारण क्षतिग्रस्त हो गयी थी, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के दौरान असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। खेल सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए कोर्ट के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही थी।

 

स्थानीय खिलाड़ियों, खेल संगठनों तथा युवाओं द्वारा बेहतर इण्डोर खेल सुविधाओं की मांग को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने स्वयं स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत उनके निर्देशन में तकनीकी परीक्षण एवं विभागीय मूल्यांकन के आधार पर बैडमिंटन कोर्ट में आधुनिक फ़्लोरिंग एवं कोर्ट मैट लगाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ₹34.94 लाख की धनराशि स्वीकृत होने के पश्चात कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि कण्डोलिया स्थित इण्डोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट की फ़्लोरिंग एवं कोर्ट मैट का कार्य स्वीकृत धनराशि के साथ प्रारंभ कर दिया गया है। वर्तमान में पुरानी फ़्लोरिंग का विखंडन कार्य प्रगति पर है, जिसे पूर्ण करने के पश्चात आधुनिक, शॉक-एब्ज़ॉर्बिंग फ़्लोरिंग एवं मानक कोर्ट मैट की स्थापना चरणबद्ध ढंग से की जाएगी। इस कार्य का उद्देश्य खिलाड़ियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि जनपद के युवा राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें। उन्होंने बताया कि इस कार्य के पूर्ण होने से इण्डोर स्टेडियम में खेल सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा तथा स्थानीय खिलाड़ियों एवं युवाओं को आधुनिक एवं सुरक्षित प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

 

अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड विवेक सेमवाल ने बताया कि बैडमिंटन कोर्ट के सुदृढ़ीकरण का कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता नियंत्रण के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को सुरक्षित, टिकाऊ एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सतह उपलब्ध हो सके।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *