सेड़ियाखाल में लगा जन-जन की सरकार, जन के द्वार शिविर

*33 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण*

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन पर जन-जन की सरकार, जन के द्वार अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड पोखड़ा की न्याय पंचायत सेड़ियाखाल में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य ने की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

आयोजित शिविर में कुल 33 शिकायतें दर्ज की गयी, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 23 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। अधिकारियों द्वारा लोगों को सरकारी योजनाओं की प्रक्रिया, पात्रता और लाभ की विस्तृत जानकारी भी दी गयी।

उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की शिकायतों का निस्तारण उनके क्षेत्र में ही किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष शिकायतों का भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल विकास, वन, राजस्व, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। प्रत्येक विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान भी किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संजय गुसाईं, नोडल अधिकारी शिविर एवं संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. देवेंद्र बिष्ट, खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश शाह सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *