जनपद में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए 17 दिसंबर से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक आयोजित की गयी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत जनपद की 115 न्याय पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। रोस्टर के अनुसार न्याय पंचायतवार नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गयी है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शिविरों में उपस्थित लोगों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाए और पात्र व्यक्तियों को तत्काल लाभ प्रदान किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन लोगों को पूर्व में योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उनकी सूची तैयार कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रह सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि शिविर समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी निकटवर्ती गांवों का भ्रमण कर सभी पात्र व्यक्तियों के आवेदन पत्र भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य यह रखा जाए कि संबंधित ग्राम पंचायत का प्रत्येक पात्र नागरिक सरकार की सभी योजनाओं से पूरी तरह लाभान्वित हो सके। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि खंड स्तर पर समस्त सूचनाओं का संकलन संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा जनपद स्तर पर जिला विकास अधिकारी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में अधिक न्याय पंचायत होने के चलते यह शिविर 18 मार्च, 2026 तक आयोजित होंगे।
अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने कहा कि जिन लोगों का अभी तक यूसीसी में पंजीकरण नहीं हुआ है, उनके पंजीकरण के लिए बाल विकास, शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होंने शिविरों के दौरान भूकंप से संबंधित जानकारी के लिए भूदेव एप इंस्टॉल कराने को भी कहा।उन्होंने कहा कि शिविरों में जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि अभियान का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंच सके।
इस अवसर पर पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, अपर मुख्य कार्याधिकारी भावना रावत, जिला शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




