मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत जनपद की 115 न्याय पंचायतों में बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विकासखंड खिर्सू की न्याय पंचायत देवलगढ़ में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। शिविर में कुल 276 लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में प्रभारी जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाए।
बहुउद्देशीय शिविर के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी। शिविर में कुल 30 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्रभारी जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। शिविर में अधिकतर शिकायतें जल संस्थान, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग और वन विभाग से रहीं।
प्रभारी जिलाधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर जाकर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 18 दिसंबर से शुरू होकर आगामी 18 मार्च तक जनपद की सभी 115 न्याय पंचायतों में संचालित किया जाएगा, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, वन, होम्योपैथिक, उद्यान, खाद्य पूर्ति विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। सैनिक कल्याण विभाग ने सात पूर्व सैनिकों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उद्यान विभाग द्वारा 10 लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी गयी तथा तीन लोगों को यंत्र वितरण और 10 लाभार्थियों को कीटनाशक व खाद वितरित की गयी।
आयुर्वेदिक विभाग ने 80 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर 68 को दवाइयां वितरित कीं। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, दो गोद भराई और दो अन्नप्राशन कराए तथा 15 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। पशुपालन विभाग द्वारा 09 पशुपालकों को पशुओं की दवाइयां दी और 13 लोगों को विभागीय योजनाओं से अवगत कराया गया। कृषि विभाग ने 12 लाभार्थियों को कृषि यंत्र तथा 04 को कृषि से संबंधित दवाइयां वितरित कीं। राजस्व विभाग ने मौके पर ही 04 शिकायतों का निस्तारण किया। रेशम विभाग द्वारा 12 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने 27 लोगों को दवाइयां वितरित की। होम्योपैथिक विभाग ने 48 लोगों को सामान्य बीमारियों के संबंध में परामर्श दिया।
शिविर के नोडल अधिकारी एवं समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि शिविर में कुल 30 शिकायतें दर्ज की गयीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया है। शेष शिकायतें निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित की गयी हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख खिर्सू अनिल भंडारी, ज्येष्ठ प्रमुख नितिन रावत, ग्राम प्रधान देवलगढ़ सुमन देवी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, सहायक निदेशक दुग्ध नरेंद्र लाल, तहसीलदार दीपक भंडारी,
सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी सत्यपाल सिंह रावत, सहायक निबंधक सहकारिता पान सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




