जनगणना 2027 के तहत जनपद में तैयारियां तेज़ हो गयी हैं। इसी क्रम में बुधवार को घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज के दो प्रशिक्षण केंद्रों, खंड विकास कार्यालय पौड़ी, प्रशिक्षण प्रसार केंद्र पौड़ी तथा नगर पालिका पौड़ी सभागार में प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भवनों तथा मूलभूत सुविधाओं के आंकलन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गयी।
नायब तहसीलदार पौड़ी जबर सिंह असवाल ने बताया कि जनपद में कुल पांच स्थानों पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 250 प्रगणक और सुपरवाइजर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए सभी कार्मिकों को बारीकी से प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि सर्वेक्षण के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने जानकारी दी कि यह गणना एचएलओएफ (आवास सूचीकरण एवं मूलभूत सुविधाएं) के अंतर्गत की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक भवन, आवासीय स्थिति और उसमें उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली आदि का विस्तृत डेटा संकलित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका पौड़ी सभागार में शहरी क्षेत्रों के भवनों और सुविधाओं की गणना से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया, जबकि घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज के दोनों केंद्रों, खंड विकास कार्यालय सभागार और प्रशिक्षण प्रसार केंद्र में ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वेक्षण की प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने, डिजिटल माध्यमों के उपयोग और निर्धारित प्रपत्रों को सही तरीके से भरने के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर मतगणना प्रशिक्षक प्रदीप बिष्ट, ज्योति मोहन, अमित गौड़, कमलेश जोशी, शिव सिंह, दिनेश बेलवाल और मुकेश रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




