‘बाल सुरक्षा व जागरूकता पर जोर’पौड़ी में आयोजित हुआ कार्यक्रम

 

जनपद मुख्यालय के पी.एम. श्री केन्द्रीय विद्यालय पौड़ी में बाल सुरक्षा, संरक्षण एवं जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को जे. जे. एक्ट 2015, पॉक्सो एक्ट 2012, चाइल्डलाइन 1098, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग और बाल अधिकारों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गयी।

 

जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार ने कहा कि यह प्रतियोगिताएं केवल पुरस्कार के लिए नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में हमारे विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिभागी छात्र भविष्य के जागरूक नागरिक हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का आधार बनेंगे।

 

आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बच्चों को बाल यौन शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम एवं मानव तस्करी से सुरक्षा, अपराध की पहचान व रिपोर्टिंग और आपातकालीन सहायता में चाइल्डलाइन 1098 की भूमिका के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही विद्यालय में क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 9–10 के लिए “बाल विवाह और भारतीय समाज” तथा “गरीबी और बाल शिक्षा पर उसका प्रभाव”, जबकि कक्षा 11–12 के लिए “सोशल मीडिया की भूमिका: बाल दुर्व्यवहार और बाल अधिकार”, “क्या बच्चा घर और स्कूल में सुरक्षित है?” तथा “मीडिया की भूमिका: बाल अधिकारों की जागरुकता बढ़ाने में” जैसे विषय निर्धारित किए गए थे। प्रतियोगिताओं में विजयी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

 

इस अवसर पर प्रधानाचार्या अनीता बिष्ट, संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी, अधिकार मित्र बबीता, निशा एवं मनोज पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *