युवाओं को नशे से दूर रख सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण का लिया सामूहिक संकल्प

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा लगातार चलाए जा रहे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के क्रम में पुलिस टीम द्वारा AHTU/ANTF एवं CWC के समन्वय से टी.सी.जी. पब्लिक स्कूल, कोटद्वार में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान मादक पदार्थों की रोकथाम एवं नियंत्रण, मानव तस्करी, भिक्षावृत्ति/वेश्यावृत्ति की रोकथाम, महिला सुरक्षा सुदृढ़ीकरण तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पुलिस टीम द्वारा शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, स्वयंसेवी संगठनों, संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विशेष रूप से विद्यालय/महाविद्यालय स्तर पर नशे की प्रवृत्ति की पहचान, समयबद्ध काउंसलिंग, नियमित जागरूकता कार्यक्रम एवं अभिभावक सहभागिता बढ़ाने पर बल दिया गया। बैठक में विभिन्न स्कूल/कॉलेजों के शिक्षकगण, NGO प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग कर उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में उपस्थित लोगों द्वारा संयुक्त रूप से युवाओं को नशे एवं अपराध से दूर रखते हुए सुरक्षित, सकारात्मक एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु निरंतर समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *