मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप जनपद पौड़ी गढ़वाल में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत पाबौ विकासखंड के चिपलघाट में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कैबिनेट डॉ. धन सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।
चिपलघाट में आयोजित शिविर में पशुपालन, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य सहित 15 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। जनता मिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके निस्तारण की कार्रवाई विभागीय स्तर पर की गई।
इस अवसर पर तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट तथा तीन महिलाओं को पोषण किट वितरित की गईं। वहीं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत दो महिलाओं को सिलाई मशीन के लिए 30-30 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र जितोली में आयोजित ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, माताओं-बहनों एवं स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समुचित विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण और संस्कार निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई।
कैबिनेट मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा और विचारों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी की प्रतिभा को अवसर और सही दिशा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के साथ ही आमजन की समस्याओं के समाधान को गति देना है।
उन्होंने कहा कि पाबौ विकासखंड के लगभग सभी राजस्व ग्रामों में सड़क पहुंच चुकी है। शेष तीन तोकों के लिए एस्टीमेट मांगा गया है तथा मार्च माह तक इन तोकों को भी सड़क सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, खंड विकास अधिकारी हरेंद्र कोली, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




