दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बालिकाओं एवं लाभार्थियों को वितरित की गईं किट

 

 

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तृतीय चरण के तहत जनपद पौड़ी में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बड़ी संख्या में आमजन ने उल्लास एवं उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। जनपद मुख्यालय से लेकर विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लाभार्थीपरक गतिविधियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के माध्यम से कार्यक्रमों में सेवा, संकल्प और जनसहभागिता का संदेश दिया गया।

 

जनपद मुख्यालय पौड़ी स्थित रामलीला मैदान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी तथा विधायक प्रतिनिधि ओमप्रकाश जुगराण की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ रामलीला मैदान दीयों की रोशनी से जगमगा उठा और वातावरण में उत्साह एवं उल्लास का माहौल दिखाई दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने जनसेवा और जनकल्याण के प्रति संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी आमजन को दी गई।

 

कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की भी आकर्षक झलक देखने को मिली। स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों ने लोक संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान रामलीला मैदान में मौजूद लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

 

अभियान के तहत ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम के अंतर्गत बालिकाओं को किट वितरित की गईं। साथ ही पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट का वितरण किया गया। इस दौरान बालिकाओं एवं महिलाओं के कल्याण, पोषण तथा उनके लिए संचालित सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

 

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।

 

अभियान के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराई जा रही है। गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर सेवा एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

 

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद एवं सहभागिता का माध्यम बन रहा है।

 

जिलाधिकारी ने रामलीला मैदान में रामलीला की रिहर्सल का भी अवलोकन किया तथा कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रामलीला समिति की आर्ट गैलरी का भी अवलोकन किया।

 

अभियान के दौरान जनपदभर में आमजन की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़े। इस दौरान दीप प्रज्ज्वलन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा, संकल्प और जनकल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

 

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *