वैक्सीनेशन, उपचार और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा कर सीवीओ ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

 

जनपद पौड़ी गढ़वाल में लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर शनिवार को मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ विशाल शर्मा की अध्यक्षता में समस्त पशु चिकित्सा अधिकारियों एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक आयोजित की गयी। बैठक में विभागीय टीमों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही बीमारी की स्थिति की रियल टाइम निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

बैठक में जनपद में लम्पी स्किन डिजीज की वर्तमान स्थिति, प्राप्त वैक्सीन एवं किए गए टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली गयी। साथ ही, संक्रमित एवं संदिग्ध पशुओं के उपचार, दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण तथा क्षेत्रवार निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गयी। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने कहा कि उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी स्तर पर दवाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी।

 

उन्होंने अधिकारियों को बीमारी के संभावित प्रसार को रोकने के लिए सतर्कता के साथ कार्य करने तथा पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में व्यापक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने पशुपालकों के बीच निरंतर जागरूकता प्रसारित करने और बीमारी से संबंधित आवश्यक सावधानियों के प्रति उन्हें जागरुक करने पर विशेष जोर दिया।

 

बैठक में बीमारी की वास्तविक स्थिति का समय से आकलन करने के लिए अधिकाधिक संदिग्ध पशुओं के सैंपल लेने तथा उन्हें जांच के लिए समय पर भेजने को कहा गया। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखते हुए संक्रमित एवं संदिग्ध पशुओं के उपचार तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने पशुपालकों के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी संभावित मामले की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने को कहा, ताकि बीमारी की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

बैठक में उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ नंदन प्रसाद आगरी सहित अन्य उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *