जयहरीखाल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत कन्या जन्मोत्सव का आयोजन, गर्भवती महिलाओं को दी गयी योजनाओं की जानकारी

 

बाल विकास परियोजना जयहरीखाल द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र जयहरीखाल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव, गोद भराई उत्सव एवं सामुदायिक आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

इस अवसर पर पर्यवेक्षिका विनीता सजवाण ने उपस्थित गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं अभिभावकों को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा जन्म से छह वर्ष तक के बच्चों के समग्र पोषण, स्वास्थ्य और विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है। कार्यक्रम में कन्या शिशु के जन्म पर बेबी किट भेंट कर परिवारों को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक प्रमोद सुंदरियाल ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र महिलाओं से योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।

 

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री अर्चना रावत, आंगनबाड़ी सहायिका रेखा देवी, अनुसेविका ममता रावत सहित क्षेत्र की गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *