मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसील सभागार, लैंसडाउन में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 27 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), वन विभाग, जल निगम तथा जल संस्थान से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को की गयी कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध करायी जाय। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी ढंग से हो, जिससे उन्हें बार-बार जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों से जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराए जाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख जयहरीखाल रणबीर सिंह सजवाण, ज्येष्ठ उप प्रमुख सुरेंद्र नेगी, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, खंड विकास अधिकारी रवि सैनी, तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल, नायब नाजिर मनोज नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।




