मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड नैनीडांडा सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडे ने बताया कि शिविर में कुल 230 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 221 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के माध्यम से 230 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। उन्होंने बताया कि कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा 58 किसानों को पौधे, उर्वरक एवं कृषि यंत्र वितरित किए गए। रीप/एनआरएलएम के माध्यम से 16 लाभार्थियों को उत्पादन एवं विपणन संबंधी सहयोग प्रदान किया गया। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। स्वास्थ्य विभाग ने 45 लोगों तथा आयुष विभाग ने 40 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। समाज कल्याण विभाग ने 48 लाभार्थियों के वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन संबंधी सत्यापन किए। पंचायतीराज विभाग ने 10 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया, जबकि राजस्व विभाग ने 11 कृषकों को कृषक प्रमाण-पत्र एवं खाता-खतौनी की नकल उपलब्ध कराई।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक भी किया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा देवी, कनिष्ठ उप प्रमुख राजेंद्र पटवाल, जिला पंचायत सदस्य नीरज पंत एवं मुन्नी ध्यानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




