जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत धामधार में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित

*शिविर में 39 समस्याएं दर्ज, 37 का मौके पर निस्तारण, 194 लोग योजनाओं से लाभान्वित*

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत धामधार में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों द्वारा कुल 39 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 37 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

 

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 194 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि 08 लोगों द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु आवेदन पत्र भरे गए।

 

शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। उन्होंने कहा कि “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहा है और त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विभागीय स्टॉलों के माध्यम से न केवल शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, बल्कि पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन का शासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।

 

शिविर में कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, समाज कल्याण, पंचायतीराज, खाद्य पूर्ति, राजस्व विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं एवं मांगें संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं।

 

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रेनू रावत, नोडल अधिकारी/महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार सोमनाथ गर्ग, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, सहायक खंड विकास अधिकारी पी.सी. असवाल, ग्राम प्रधान कांडा विनीता ध्यानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *