जिलाधिकारी ने दिलायी संविधान की शपथ, संविधान मूल्यों के पालन का लिया गया संकल्प

 

संविधान दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर शपथ दिलायी। कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान निर्माताओं के योगदान को स्मरण करना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जन-प्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करना रहा।

 

शपथ ग्रहण के उपरांत जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में संविधान की महत्ता और उसकी मूल भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन व्यवस्था का आधार नहीं, बल्कि भारत की विविधता, एकता, समानता और न्याय के प्रति हमारी सामूहिक आस्था का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने अधिकारों के साथ–साथ कर्तव्यों का भी पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से पालन करें, ताकि शासन की सभी योजनाएँ और सेवाएँ पारदर्शी, समयबद्ध और जनहितकारी रूप में जनता तक पहुँच सकें।

 

जिलाधिकारी ने यह भी उल्लेख किया कि संविधान में निहित मूल कर्तव्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्य में नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

 

इसी क्रम में ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी नागेंद्र बर्तवाल की उपस्थिति में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी में संविधान दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं को संविधान के महत्व, उसकी प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी गयी।

 

ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी द्वारा सभी उपस्थित जनों को संविधान की शपथ दिलायी गयी। इस दौरान सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।

 

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि देश में प्रत्येक वर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था तथा 26 जनवरी 1950 से इसे देश में लागू किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान की मर्यादा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

 

कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, मुख्य शिक्षाधिकारी सहित विभिन्न अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य संगीता वाल्मीकि, शिक्षिका ममता काला, आरती शाह, कुसुम बड़थ्वाल सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *