उत्तराखंड में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऋषिकेश में आयोजित तीन दिवसीय ‘देवभूमि पिचैथॉन-2026’ के दूसरे दिन स्टार्टअप्स, उद्योग जगत के विशेषज्ञों और वेंचर कैपिटलिस्टों का संवाद हुआ। परमार्थ निकेतन घाट हॉल, स्वर्गाश्रम में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के 18 उद्यमियों ने अपने व्यावसायिक विचार और उत्पाद निवेशकों के सामने प्रस्तुत किए। इस दौरान विशेषज्ञों ने उद्यमियों को निवेश जुटाने, बाजार की जरूरतों को समझने, ब्रांडिंग और व्यवसाय विस्तार के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
जिला उद्योग केंद्र की ओर से 21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स को निवेशकों से जोड़ने के साथ उनके व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में सिडकुल निर्माता संघ के सचिव विवेक चौहान, क्वांटिया ग्रेविटास (यूएई) के ग्लोबल प्रेसिडेंट डॉ. मुनीश जिंदल, पंजाब एंजल्स नेटवर्क के सीईओ सीए साहिल मक्कर, ए स्क्वायर मीडिया के सीएमओ अमित मदान, फाउंडरएक्स के मानद महानिदेशक अरुण चंगरानी और सीईओ डॉ. नैन्सी जुनेजा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया।
विशेषज्ञों ने वेंचर कैपिटल फंडिंग, वित्तीय साक्षरता, बाजार की संभावनाओं, विपणन और मेंटरशिप के महत्व पर विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि किसी भी स्टार्टअप को सफल उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए बेहतर व्यावसायिक योजना, बाजार की समझ और वित्तीय प्रबंधन जरूरी है। वरिष्ठ सलाहकार संतोष नौटियाल ने भी उद्यमियों को निवेश और व्यवसाय विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में इकारा फाइनेंशियल्स प्राइवेट लिमिटेड की संस्थापक एवं सीईओ अनिमा मिश्रा ने ‘द वीसी प्लेबुक: फ्रॉम स्टार्टअप टू इन्वेस्टमेंट रेडी’ विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने निवेशकों की अपेक्षाओं और स्टार्टअप्स को निवेश के लिए तैयार करने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। इसके बाद ‘द कैपिटल कैटलिस्ट’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में विशेषज्ञों ने स्टार्टअप्स को निवेश योग्य बनाने के मानकों और व्यावहारिक उदाहरणों पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में महिला नेतृत्व और उद्यमिता पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया। ‘वुमन इम्पैक्ट लीडरशिप’ विषय पर हुई चर्चा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, नवाचार और उद्यमिता में उनकी भूमिका पर विचार साझा किए गए।
पिचैथॉन के दौरान आयुर्वेद, फूड प्रोसेसिंग, हथकरघा, हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक उत्पादों और स्थानीय एवं पहाड़ी उत्पादों से जुड़े उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल भी लगाए। निवेशकों के समक्ष प्रस्तुतियों के बाद प्रतिभागियों को उनके व्यावसायिक मॉडल, उत्पादों की संभावनाओं और बाजार विस्तार को लेकर सुझाव दिए गए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जीवन ऑर्गेनिक्स को प्रथम, मिहो को द्वितीय और ओम इंटीरियर्स को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा आयोजन में सहयोग देने वाले विशेषज्ञों और टीम का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक आर.पी. आर्य, सहायक प्रबंधक अंकित सिंह, विजेंद्र सिंह, देवेंद्र नाथ, विनय कुमार, रवींद्र सिंह, देवेंद्र मेहता, कमल जयकृत सहित अन्य उपस्थित रहे।




