बहुउद्देश्यीय शिविर में 53 शिकायतें दर्ज, 30 का मौके पर निस्तारण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन पर संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड द्वारीखाल की न्याय पंचायत सुराड़ी में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

 

चेलूसैंण मिलन केंद्र में आयोजित शिविर की अध्यक्षता डीएफओ लैंसडाउन जीवन मोहन दगाड़े ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। साथ ही शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग करने को कहा।

 

नोडल अधिकारी शिविर एवं संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारिका प्रसाद ने बताया कि शिविर में कुल 53 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें से 30 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में 109 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

 

शिविर में करीब 550 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान डीएफओ ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया गया और अधिकारियों को निर्देश दिये कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर तत्काल उपलब्ध कराया जाए।

 

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा व अर्जुन सिंह, कनिष्ठ उप प्रमुख कौशल्या देवी, खंड विकास अधिकारी जयकृत सिंह बिष्ट सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *