जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन पर संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड पोखड़ा की न्याय पंचायत मंजगांव में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं दर्ज करायीं। शिविर में कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। वहीं 401 लोगों ने शिविर में प्रतिभाग किया।
शिविर की अध्यक्षता डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने की। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं के लिए भटकना न पड़े और सेवाएं सीधे उनके क्षेत्र में उपलब्ध हों। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा लंबित प्रकरणों का समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर के दौरान 298 लोगों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित भी किया गया। डीएफओ ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की स्पष्ट जानकारी दी जाए तथा पात्र लोगों को त्वरित लाभ प्रदान किया जाए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, ज्येष्ठ प्रमुख प्रदीप सिंह, खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश शाह सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।


